Friday, July 17, 2009

बाल मजदूरी या मजबूरी! फिर क्‍या हो?

बाल मजदूरी को लेकर आए दिन अखबारों में खबरें पढ़ने को मिलती हैं. आए दिन कई गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ये दावे करते हैं कि हमने इतने बच्‍चे मुक्‍त कराए. लेकिन क्‍या कभी आपको यह सुनने या पढ़ने को मिला है कि जिन बाल मजदूरों को मुक्‍त कराया बाद में उनका क्‍या हुआ? अगर बाल सुधार ग़ृह भेजे गए तो क्‍या वहां भेजे जाने के बाद उनके जीवन में कोई सुधार आया? शायद नहीं, क्‍योंकि यह एक कड़वा सच है कि जिन बच्‍चों को एनजीओ मुक्‍त कराते हैं, वे एनजीओ पुलिस बुलाने और थाने में मीडिया के सामने बच्‍चों के बीच फोटो खिंचवाने के बाद बच्‍चों के रहन-सहन और खान-पान व दुख-दर्द की सारी जिम्‍मेदारी पुलिस को सौंपकर चलते बनते हैं अपने एसी कार्यालयों में ऐसे ही अन्‍य बाल मजदूरों का 'उद्धार' करने की योजना बनाने.
एनजीओ की इन कारनामों के बाद बच्‍चों पर दोहरी मार पड़ती है. न तो उनके पास काम रहता है, न ही कोई ठिकाना. पेट भरने का साधन तो पहले ही छिन चुका होता है. उनकी इस दशा के समय तब कोई एनजीओ सामने नहीं आती. वे एक बार फिर उसी जगह पहुंच जाते हैं जहां से उन्‍होंने अपनी जिंदगी का कांटोंभरा सफर शुरू किया होता है.
देश का भविष्‍य कहे जाने वाले ये बच्‍चे देश के दूसरे राज्‍यों से अपने और अपने परिवार का पेट भरने, छोटा-मोटा काम सीखने की ललक लेकर दिल्‍ली जैसे महानगरों में आते हैं. काम मिलता है, काम सीखते हैं और पेट भी भरते हैं. सभी ठी‍क-ठाक चल रहा होता है कि तभी सिर्फ मीडिया में वाहवाही लूटने और अपनी दुकानदारी चलाने वाले ये एनजीओ बचपन बचाओ के नाम पर उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर देते हैं. और वे बच्‍चे फिर उसी चौराहे पर आ खड़े होते हैं.
क्‍या कभी ये एनजीओ उन बाल मजदूरों को मुक्‍त कराने के बाद उनकी सुध लेते हैं. क्‍या कभी उनके भविष्‍य के बारे में कोई योजना चलाते हैं. क्‍या कभी इन्‍होंने किसी बाल मजदूर का भरण-पोषण का जिम्‍मा उठाया है. हां, इतना जरूर है कि बचपन बचाओ के नाम पर इनको बाल सुधार गृह में भेज दिया जाता है.
बाल सुधार गृह में इनकी क्‍या स्थिति होती है. ये सभी जानते हैं. क्‍या इसमें किसी बच्‍चे के जीवन में कोई सुधार आया है? चलो मान लेते हैं कि बाल सुधार गृह में ये बच्‍चे खुश हैं लेकिन कब तक? तब तक जब तक ये बाल सुधार गृह में है, वहां से निकलते ही ये फिर रोड पर आ जाते हैं. इनके सामने एक नहीं बल्कि कई संकट आ खड़े होते हैं. खाने-पीने, रहने-सोने जैसी तमाम जरूरतों के लिए इन्‍हें कई तरह की दिक्‍कतों का सामना करना पड़ता है.
अभी हाल में हाईकोर्ट ने कहा है कि बाल मजदूरी को खत्‍म किया जाए. खंडपीठ ने कहा कि आज के बच्‍चे ही कल का भविष्‍य हैं. बच्‍चों के बेहतर भविष्‍य के लिए जरूरी है कि उन्‍हें शिक्षित किया जाए न कि वे शोषण का शिकार हो जांए. खंडपीठ ने अपने आदेश में कहा कि वास्‍तव में बच्‍चे समुदाय की सबसे बेशकीमती चीज हैं. शारीरिक और मानसिक रूप से परिपक्‍व न होने के कारण बच्‍चे विशेष ध्‍यान और संरक्षण पाने के हकदार हैं. हमारे देश में यह समस्‍या काफी गंभीर हैं क्‍योंकि यहां इसका मुख्‍य कारण लोगों का अशिक्षित होना है.
कोर्ट का यह फैसला स्‍वागत योग्‍य है, लेकिन क्‍या भारत जैसे विकासशील देश में यह सब हो पाना संभव है जहां की करीब आ‍धी आबादी गरीबी और अशिक्षा का दंश झेल रही हो.
क्‍या हमने कभी यह गौर किया है कि आखिर ये बाल मजदूर आए कहां से, इनकी क्‍या मजबूरी, लाचारी है. इसके पीछे जरूर कोई न कोई कारण होगा, जिसके चलते वे यह सब करने को मजबूर होते हैं.
सवाल यह पैदा होता है कि इनको मुक्‍त कराने के बाद इनका क्‍या होता है. इनको मुक्‍त तो करा दिया जाता है लेकिन इनके सामने जो रोजी रोटी का संकट खड़ा होता है उसके बारे में कोई नहीं सोचता. एनजीओ को सिर्फ अपना उल्‍लू सीधा करना होता है सो वे करते हैं. फिर ये बच्‍चे चाहे जीएं या मरे, इनसे इनको कोई लेना-देना नहीं होता. इनको तो सिर्फ कागजों में खाना-पूर्ति करनी होती है अपनी प्रसिद्धि चाहिए होती है, सरकार से ईनाम और अनुदान चाहिए होता है. जिससे इनका अपना जीवन मजे में चलता है समाज में धाक और सम्‍मान रहता है. क्‍या ऐसा नहीं होना चाहिए कि किसी तथाकथित खतरनाक काम में लगे इन बाल मजदूरों को सही ढंग से रोजगारपरक शिक्षा-प्रशिक्षण दिया जाए.
यकीन मानिए इनमें कई बच्‍चे ऐसे होते हैं जो अपने घरों को पैसे भेजते रहते हैं. कई ऐसे हैं जो खुद मेहनत करके अपने छोटे भाई-बहनों का खर्चा उठा रहे हैं.
ऐसा नहीं है कि बाल मजदूरी को सही ठहराया जाए, लेकिन यह चिंतनीय विषय है कि इसकी हकीकत क्‍या है?
हम भी बाल मजदूरी के खिलाफ हैं, लेकिन उनका और उनके चंद रुपयों से पलने वाले लोगों का क्‍या होगा?
हमें अपने विचार जरूर भेजिए।
रावत शशिमोहन पहाड़ी

Saturday, July 4, 2009

संग्राली गांव में कंडार देवता का राज

उत्तरकाशी। पहाड़ में सदियों से चली आ रही मान्यताएं आज भी जिंदा है। इसका जीता जागता उदाहरण प्राचीन संग्रामी गांव में देखने को मिलता है। यहां पंडित की पोथी, डाक्टर की दवा और कोतवाल का डंडा यहां काम नहीं आता है। गांव में कंडार देवता का आदेश ही सर्वमान्य है।
देवभूमि उत्तराखंड के उत्तर में उत्तरकाशी के निकट वरुणावत पर्वत के शीर्ष पर बांयी ओर संग्राली गांव में कंडार देवता का प्राचीन मंदिर आस्था और विश्वास का केंद्र ही नहीं, बल्कि एक न्यायालय भी है। इस न्यायालय में फैसले कागजों में नहीं होते और न ही वकीलों की कार्यवाही होती है। यहां फैसला देवता की डोली सुनाती है। संग्राली गांव के लोग जन्मपत्री, विवाह, मुंडन, धार्मिक अनुष्ठान, जनेऊ समेत अन्य संस्कारों की तिथि तय करने के लिए पंडित की तलाश नहीं करते। कंडार देवता मंदिर के पंचायती प्रांगण में जमा होकर ग्रामीण डोली को कंधे पर रख कंडार देवता का स्मरण करते हैं। इस दौरान डोली के डोलने से इसका अग्रभाग जमीन का स्पर्श करता है। इससे रेखाएं खिंचने लगती हैं। इन रेखाओं में तिथि व समय लिख जाता है। आस्था है कि जन्म कुंडली भी जमीन पर रेखाएं खींचकर डोली स्वयं ही बना देती है। कई ऐसे जोड़ों का विवाह भी कंडार देवता करवा चुका है, जिनकी जन्मपत्री को देखने के बाद पंडितों ने स्पष्ट कह दिया था कि विवाह हो ही नहीं सकता। मात्र यहीं नहीं बल्कि गांव में जब कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो उसे उपचार के लिए कंडार देवता के पास ले जाया जाता है। सिरर्दद, बुखार, दांत दर्द तो ऐसे दूर होता है जैसे पहले रोगी को यह दर्द था ही नहीं।
साभार : याहू दैनिक जागरण

Tuesday, May 12, 2009

मोनाल पर सवाल

हिमाचल के जंगलों की शान स्टेट बर्ड मोनाल के फ्यूचर पर सवाल उठने लगे हैं। इसी पक्षी परिवार का जुजुराणा भी इन दिनों बुरे दौर से गुजर रहा है। इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजरवेशन ऑफ नेचर की रेड डाटा बुक में मोनाल को एनडेंजर्ड स्पीशीज में शामिल किया गया है। दोनों की प्रजातियां खत्म होने की कगार पर हैं।
रिपोर्ट का खुलासा :
इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजरवेशन ऑफ नेचर की रिपोर्ट खुलासा करती है कि दुनिया के 10 हजार पक्षियों की प्रजातियों में से दो तिहाई प्रजातियों पर मौजूदा समय में संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इसमें से 875 प्रजातियों को थोड़ा खतरा है, 704 प्रजातियां खतरे की जद में हैं जबकि 903 प्रजातियां खत्म होने के कगार पर हैं। सुरीली आवाज वाले पक्षियों की 542 नस्लें भी मिटने के कगार पर हैं।
पक्षियों के लापता होने की वजह :
एक तरफ पक्षियों के प्राकृतिक ठिकाने नष्ट हो रहे हैं तो दूसरी ओर अवैध शिकार पक्षियों के वजूद को खत्म करने के लिए जिम्मेदार है। जलवायु परिवर्तन के कारण भी पक्षियों के घोसले सूने हो रहे हैं। रिपोर्ट कहती है कि वनीकरण के कारण वनस्पति आवरण बढ़ रहा है लेकिन प्राकृतिक तौर पर पाए जाने वाले वनों के मुकाबले जैव विविधता बेहद निम्न है।
पिछले 15 साल में मोनाल की संख्या आधे भी कम रह गई है। प्रदेश की सोलह वाइल्ड लाइफ सेंक्च्यूरीज में मोनाल मौजूद हैं। विभिन्न सर्वे रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में मोनाल की संख्या 2200 के करीब रह गई है।
कहां कितने पक्षी
तीर्थन 28
नेशनल पार्क कुल्लू 43
तालरा 27
शिकारी देवी 123
सैंज 12
रुपीभावा 229
रकचम चितकुल 67
नेहरू, मंडी 147
मनाली 87
खोखण 17
कनावर 960
गमगुल 160
दरनघाटी 144
चूड़धार 187
बंदर और लंगूरों का अस्तित्व भी सकंट में
लंदन : भविष्य में बंदरों-लंगूरों की कई प्रजातियों हमें किताबों में ही दिखेंगी। वल्र्ड कंजर्वेशन यूनियन की रिपोर्ट के मुताबिक आने वाली सदी में एक तिहाई प्राइमेट (वह स्पीशीज जिससे मानव जाति का विकास हुआ है) समाप्त हो जाएंगी। दुनिया में 394 प्राइमेट स्पीसीज में 114 पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। 21 देशों के 60 विशेषज्ञों ने 25 प्राइमेट स्पीसीज की एक लिस्ट तैयार की है जो डेंजर जोन में हैं। इनकी संख्या अब कम बची है। जिनको नष्ट होने में ज्यादा समय नहीं है।
100 साल ज्यादा खतरनाक
वल्र्ड कंजर्वेशन यूनियन के चेयरमैन रसेल मीटमीयर का कहना है कि ये जीव इस सदी में तो किसी तरह अपना अस्तित्व बचाने में कामयाब हो गए लेकिन अगली सदी में इनका पहुंचना मुश्किल है। ये जीव आधी सदी से अपने अस्तित्व के लिए भयंकर संघर्ष कर रहे हैं।
एशिया में सबसे ज्यादा खतरा
सबसे बुरी हालत एशिया और अफ्रीका की है। डैंजर जोन में 25 स्पीशीज में 11 एशिया, 11 अफ्रीका, 3 साउथ और सेंट्रल अमेरिका से हैं।

साभार : दैनिक भास्‍कर

Thursday, February 12, 2009

किसी को किसी के लिए वक्‍त नहीं...

हर खुशी है लोगों के दामन में,
पर एक हंसी के लिए वक्‍त नहीं.
दिन-रात दौड़ती दुनिया में,
जिंदगी के लिए ही वक्‍त नहीं।

मां की लोरी का एहसास तो है,
पर मां को मां कहने का वक्‍त नहीं.
सारे रिश्‍तों को तो हम मार चुके,
अब उन्‍हें दफनाने का भी वक्‍त नहीं।

सारे नाम मोबाइल में हैं,
पर दोस्‍ती के लिए वक्‍त नहीं.
गैरों की क्‍या बात करें,
जब अपनों के लिए ही वक्‍त नहीं।

आंखों में है नींद बड़ी,
पर सोने का वक्‍त नहीं.
दिल है गमों से भरा हुआ,
पर रोने का भी वक्‍त नहीं।

पैसों की दौड़ में ऐसे दौड़े,
कि थकने का भी वक्‍त नहीं.
पराय एहसास की क्‍या कद्र करें,
जब अपने सपनों के लिए ही वक्‍त नहीं।

तू ही बता ये जिंदगी,
इस जिंदगी का क्‍या होगा.
कि हर पल मरने वालों को,
जीने के लिए भी वक्‍त नहीं।

प्रस्‍तुति - संजीव चंद

Wednesday, February 11, 2009

पंचकेदार

इससे पहले हमने आपको केदारनाथ के बारे में बताया था. इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आपको पंचकेदारों से भी अवगत कराते हैं. उत्तराखंड यानी देव भूमि. जहां लोग अक्सर शांति की खोज के लिए आते-जाते रहते हैं.

पंचकेदारों की गणना इस प्रकार की जाती है.

केदारनाथ, मदमहेश्वर, तुंगनाथ, रुद्रनाथ, कल्पेश्वर

केदारनाथ
भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है. यह मंदाकिनी नदी के तट पर 3584 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. हिन्दू धर्म में केदारनाथ सबसे पवित्र मंदिरों में से एक है.
केदारनाथ एक अत्यंत पवित्र दर्शनीय स्थान है, जो चारों ओर से बर्फ की चादरों से ढ़की पहाड़ियों के केन्द्र में स्थित है. वर्तमान में मौजूद मंदिर 8वीं शती का है. भगवान शिव का यह मंदिर 1000 साल से भी अधिक पुराना है. इसे बड़े भारी पत्थरों को काटकर तैयार किया गया है. किस तरह इतने बड़े पत्थरों को तैयार किया गया होगा, यह अपने आप में एक अजूबा है. मंदिर में पूजा करने के लिए "गर्भगृह' और मंडप हैं, जहां पर श्रद्धालुजन पूजा-अर्चना करते हैं. मंदिर के अंदर भगवान शिव को सदाशिव के रूप में पूजा जाता है.

मदमहेश्वर

ऐसा कहा जाता है कि भगवान शिव के केदारनाथ से विलुप्त होने के बाद उनकी नाभि फिर से मदमहेश्वर में उदित हुई. नाभिनुमा लिंग के रूप में यहां भगवान शिव की पूजा होती है. चौखंबा पर्वत के आधार पर 3289 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह मंदिर उत्तर भारतीय शैली का है. यहां का पानी इतना पवित्र है कि इसकी कुछ बूंदें ही पाप से मुक्ति दिलाने वाली मानी जाती हैं. यहां की प्राकृतिक छटा अत्यधिक मनोहारी है. यहां हिमाच्छादित ऊंचे-ऊंचे पर्वत, चौड़ी-संकरी घाटी और जंगल हैं, जो सिर्फ गर्मियों में ही हरियाली देते हैं. यहां से केदारनाथ और नीलकंठ पर्वत देखे जा सकते हैं. निकटवर्ती पहाड़ों का सम्पूर्ण वृत्त भगवान शिव से संबद्ध है जो यहां की सर्वसुंदर जगहों में से एक है.
भारत में हरगौरी की सर्वश्रेष्ठ प्रतिमा जो एक मीटर से भी ज्यादा ऊंची है, यहां के काली मंदिर में विराजमान है. मदमहेश्वर नदी के उद्गम के पास का शिव मंदिर दूसरा केदार है. इकलौते पुजारी एवं स्वयंसेवियों से प्रशासित इस मंदिर की देखरेख केदारनाथ ट्रस्ट करता है. 6 महीनों की सर्दी में सिर्फ शिवलिंग ही यहां रह जाता है. जबकि चांदी की मूर्तियां औपचारिक रूप से पूजा के लिए ऊखीमठ ले जाई जाती हैं. पास ही स्थित है सरस्वती कुण्ड, जहां पितरों को तर्पण किया जाता है.

तुंगनाथ

केदारनाथ मिथक के अनुसार यहां भगवान शिव की भुजा उभरी थी. ऊखीमठ से 23 किमी दूर, चंदनाथ पर्वत की 3680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित तुंगनाथ मंदिर पंचकेदार में सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित मंदिर है. तुंगनाथ क्षेत्र की पवित्रता अपार मानी जाती है. तुंगनाथ की चोटी तीन जलस्रोतों का उद्गम है आकाशकामिनी नदी प्रस्फुटित है.
पर्वत, जंगलों एवं घास के मैदानों से गुजरता हुआ रास्ता हमें तुंगनाथ तक पहुंचाता है. यहां से करीब एक घंटे की चढ़ाई हमें चन्द्रशिला के मनोहारी दृश्यों के दर्शन तक पहुंचाती है. अद्भुत चौखंबा, केदारनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री चोटियां इसकी सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं. गढ़वाल मंडल वर्ष भर (दिसंबर और जनवरी के बर्फीले महीनों को छोड़कर) चंद्रशिला के लिए शीतकालीन पर्वतारोहण का आयोजन करता है. मंदिर में शिवलिंग के अलावा आदि गुरु शंकराचार्य की मूर्ति प्रतिस्थापित है. तुंगनाथ में नंदादेवी मंदिर भी स्थित है. पास ही स्वर्ग से उतरता हुआ-सा प्रतीत होता आकाशलिंग प्रपात है जिसे देखकर मन रोमांचित होने लगता है.

रुद्रनाथ
इस स्थान पर भगवान शिव के मुख का पूजन किया जाता है. रुद्रनाथ मंदिर 2286 मीटर की ऊंचाई पर एक मैदान में स्थित है. जहां पहुंचने के लिए काफी ऊंची-ऊंची चोटियों को पार करना पड़ता है. श्रद्धालुजन अपने पूर्वजों के धार्मिक संस्कार पूरे करने के लिए रुद्रनाथ आते हैं, क्योंकि ऐसी मान्यता है कि शरीर त्यागने के पश्चात आत्मा यहां स्थित वैतरणी नदी को पार करके आगे बढ़ती है. यह गोपेश्वर से 23 किमी दूरी पर स्थित है. जिससे 5 किमी तक ही गाड़ियों का आवागमन है. शेष 18 किमी की यात्रा पैदल ही तय करनी होती है. इस पैदल के रास्ते में कई मनोहारी दृश्य सामने आते हैं तथा ऊंची पहाड़ियों पर से गुजरना पड़ता है. मंदिर चारों ओर से कई छोटे-छोटे तालावों से घिरा हुआ है. जैसे सूर्यकुण्ड, चन्द्रकुण्ड, तारा कुण्ड, मानस कुण्ड इत्यादि, जबकि पीछे की ओर, ऊपर, नंदा देवी, नंदा घंटी, त्रिशूल आदि ऊंची चोटियां हैं. रुद्रनाथ जाने वाले रास्ते पर ही 3 किमी आगे चलने पर अनुसुइया देवी का मंदिर है.

कल्पेश्वर

यह वह स्थान है जहां भगवान शिव के केश प्रकट हुए थे. यह स्थान अप्सरा उर्वशी और क्रोधी ऋषि दुर्वासा, जिन्होंने वरदान देने वाले कल्पवृक्ष के नीचे बैठकर तपस्या की थी, के लिए प्रसिद्ध है. यहां साधु अर्घ्य देने के लिए पूर्व प्रण के अनुसार तपस्या करने आते हैं. तीर्थ यात्री 2134 मीटर की ऊंचाई पर, एक पहाड़ पर स्थित मंदिर में पूजा करते हैं, जिसका रास्ता एक प्राकृतिक गुफा से होकर जाता है. तीर्थयात्री मंदिर में चट्टान में स्थित, भगवान शिव की जटाओं की पूजा करते हैं. मंदिर तक पहुंचने के लिए गुफा के अंदर एक किमी चलना पड़ता है.

Monday, December 15, 2008

मानव एकता का एक नायाब पैगाम - हजरत ख्वाजा गरीब नवाज

... वही अजमेर जाते हैं
जिन्हें ख्वाजा बुलाते हैं।

इनाम मुहम्मद

संप्रति : तीन सालों से दैनिक 'हिन्दुस्तान' नई दिल्ली में सेवारत।तमाम कविताएं, कहानियां, लेख, दूरदर्शन, आकाशवाणी और समाचार पत्र-पत्रिकाओं में प्रसारित एवं प्रकाशित हो चुकी हैं।सांप्रदायिकता के संदर्भ में 'गुजरात 2002' पर आधारित कविताओं जैसे ज्वलंत विषय पर जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली से एम।फिल की डिग्री।संपर्क : inam.md@gmail.com

देश विदेश के तमाम नेताओं-महान हस्तियों और फिल्मी कलाकरों का राजस्था न के अजमेर स्थित महान सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती (रहमतुल्ला अलैह) की मजार में आना और चादर पेश करना साथ ही उनके दर पर माथा टेकने की खबरें आए दिन आती रहती हैं. इसके अलावा हर वर्ग, जाति का व्यक्ति यहां आकर अपने आपको धन्य मानता है.
एक ऐसी जगह जहां पर मुसलमानों से ज्यादा गैर मुस्लिम उनके दर पर माथा टेकने जाते हैं. एक ऐसी शख्सियत जिसके नाम पर लाखों कुरबान हो जाएं. जिनके नूर को देखकर हजारों एक साथ उनके साथ हो लिये हों. ऐसे ही अल्लाह के करीबी हैं राजस्थान के अजमेर स्थित हजरत ख्वाजा मोइन उद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह. यहां पर न सिर्फ पूरे हिन्दुस्तान से बल्कि समूची दुनिया से लोग रोजाना हजारों की तादाद में उनके दरबार में अपनी हाजिरी देने के लिए आते हैं. खास बात ये है कि यहां वे लोग ही आते हैं, कहते हैं जिन्हें ख्वाजा बुलाते हैं.
यूं तो बारह महीने यहां आने वालों का तांता लगा रहता है. मगर साल में एक बार अरबी कलेंडर के रज्जब महीने में पहली तारीख से लेकर नौ तारीख तक यहां उर्स का आयोजन होता है, जिसमें पूरी दुनिया से अकीदतमंद लाखों की तादाद में यहां पहुंचते हैं. गरीबों की हिमायत करने वाले और इनसानियत के अलमबरदार ख्वाजा गरीब नवाज की मजार पर लाखों बच्चे, जवाने, बूढे़ अमीर-गरीब सभी अपनी-अपनी श्रद्धा जताते हैं. इस महान सूफ संत का संदेश मानव एकता का एक नायाब पैगाम है.
मानवता की एक अलग मिसाल कायम करने वाले महान सूफी संत ख्वाजा हजरत मोइन उद्दीन चिश्ती पूरी दुनिया में आध्यात्मिक क्षेत्र में एक अलग मुकाम रखते हैं.
परिचय
ख्वाजा साहब के नाम से विख्यात इस महान सूफी संत का पूरी दुनिया में सम्मान के साथ नाम लिया जाता है. अपनी जिंदगी में मानवता, आध्यात्मिक आजादी और व्यक्तित्व विकास, ध्यान, प्रैक्टिस, करिश्माई और एक आदर्श संत के तौर पर जाने जाते हैं. उन्होंने हमेशा सच्चाई को अपनाया. वे प्रेम, त्याग और सच्चाई के प्रतीक हैं. वे अपनी पूरी जिंदगी में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के रास्तों को अख्तियार करते रहे और उनकी बातों को लोगों तक पहुंचाते रहे.
जन्म
गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) का जन्म संजर के सीस्तान नामक गांव में 9 रज्जब 537 हिजरी यानी 1143 ईस्वी में हुआ था. यह जगह उत्तरी कंधार में स्थित है. उनके पिता सैयद गयासुद्दीन हसन (रहमतुल्ला अलैह) जो कि हजरत मूसा करीम (रहमतुल्ला अलैह) के नाती थे. ख्वाजा गरीब नवाज की बीबी उम्मुल वरा जिन्हें बीबी माहे नूरे के नाम से जानते हैं हजरत इमाम हसन (रहमतुल्ला अलैह) की नातिन थीं. वे मां की तरफ से हसनी सैयद के परिवार से संबंध रखते थे. इनके पूर्वज संजर में रहते थे, इसलिए आपको संजरी कहा जाता है और उनके खानदान के ख्वाजा इशहाक शामी हिरात के पास चिश्त कस्बे में आकर रहने के कारण उन्हें और उनके शिष्यों को चिश्ती के नाम से भी जाना जाता है.
शिक्षा (तालीम)
ख्वाजा गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) ने शुरुआती शिक्षा घर पर ही हासिल की. ख्वाजा साहब (रहमतुल्ला अलैह) को नौ साल की उम्र में ही कुरआन मुंहजबानी याद हो गई थी. बाद में वे संजर में मकतब में गए जहां पर उन्होंने बहुत कम समय में तफ्सीर और फिकाह व हसीद की शिक्षा हासिल की. उन्होंने इन सब विषयों पर गंभीर ज्ञान प्राप्त किया.
जीवन में नया मोड़
जब ख्वाजा साहब महज 14 साल की उम्र के थे, तब उनके पिता इस दुनिया से पर्दा कर गए. उनके पिता का एक बाग और कारखाना था. पिताजी के इंतकाल के कुछ महीने बाद ही मां भी इस दुनिया से चल बसीं. इस तरह बहुत कम उम्र में ही ख्वाजा साहब दर्वेश और फकीरों की मंडली में शामिल हुए और वहां उन्हें बहुत सम्मान मिला.
एक दिन जब वे बाग में पौधों पर पानी सींच रहे थे, एक मजूब वहां पहुंचे. वह मजूब शेख इब्राहीम कुन्दौजी (रहमतुल्ला अलैह) थे. जब ख्वाजा साहब ने उस बुजुर्ग आदमी को देखा तो वे अपना काम छोड़कर उस बुजुर्ग आदमी के स्वागत के लिए दौड़े. उन्होंने उस आदमी के हाथों को चूमा और उन्हें एक पेड़ की छांव की ओर ले जाकर बैठने का आग्रह किया. उस समय ख्वाजा साहिब ने कुछ भी नहीं मांगा. वह मौसम अंगूरों का था और पेड़ों पर अंगूर के गुच्छे लटक रहे थे. उन्होंने अंगूर का एक गुच्छा तोडा़ और रस वाला अंगूर लाकर उन्हें दिया और चुपचाप उनके पास बैठ गए. अल्लाह के प्यारे मजूब की खातिरदारी और कुछ अंगूर के फली से खुशी का आनंद का नजारा ही कुछ और था. तब मजूब ने तुरंत माना कि यह बच्चा सच्चाई की तलाश में है. इसलिए उन्होंने तेल का एक टुकडा़ उठाया और उसे अपने दांतों के नीचे दबाया और उसको ख्वाजा साहिब के मुंह पर रख दिया. जैसा कि वे दर्वेश और फकीरों का सम्मान किया करते थे, उन्होंने इसे निगल लिया और अचानक से पूरी दुनिया के बीच खाई खत्म हो गई. फिर उनके और अल्लाह के बीच की दूरी मिट गई. तेल के टुकड़े को निगलने के साथ ही, वे आध्यात्मिक दुनिया में मशगूल हो गए और अपने आपको अकेला पाने लगे.
हालांकि शेख इब्राहीम (रहमतुल्ला अलैह) ने ख्वाजा साहिब को अकेला छोड़ दिया, लेकिन वे उनकी आध्यात्मिक दुनिया के साक्षी हैं. इसे कोई कैसे भुला सकता है. उन्होंने बहुत ही सब्र के साथ काम लिया. वे खुद पर काबू नहीं रख सके. उन पर प्रेम का प्रभाव और सच्चाई के प्रति लगाव की सीमाएं पार हो गईं. पूरी दुनिया उनके लिए कुछ भी नहीं रह गई. इस तरह उन्होंने सबको छोड़ दिया और अपना खजाना अपने मानने वालों में बांट दिया, साथ ही जरूरतमंदों और गरीबों में इसे खर्च किया और सच्चाई की खोज में अपनी जिंदगी बिता दी.
पीर-और-मुर्शिद के साथ बैठकें
हालांकि हारून एक छोटा सा कस्बा था लेकिन अल्लाह का करम कि उन दिनों लोग इस बारे में काफी कुछ जान गए. हजरत ख्वाजा शेख उसमान हारूनी (रहमतुल्ला अलैह) उस समय वहां पर थे और उनकी मौजूदगी में वहां पर अल्लाह की रहमतें बरसती थीं. हजरत शेख उसमान हारूनी (रहमतुल्ला अलैह) माशाइक-ए-कुब्रा में थे जहां पर दूर-दूर से लोग अपनी मन्नतों को पूरी करवाने के लिए आया करते थे.
आखिरकार प्रेम और सच्चाई का उनका जज्बा अपने मकसद को पाने में कामयाब हुआ और वे हारून शहर में पहुंचे और जब वहां पर उनको ख्वाजा गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) के बारे में पता लगा तो हजरत शेख उसमान हारूनी (रहमतुल्ला अलैह) और पीर-ए-कामिल ने मुर्शिद के तौर पर उनको अपना लिया. ख्वाजा गरीब नवाज ने यूं बयां किया -
मैं खुद को उन हस्तियों में शामिल करना चाहता हूं जहां पर विशेष सम्मान दिया जाता है.
हुजूर ने फरमाया है कि
"दो रकआत नमाज अदा करो."
मैंने इसे अपनाया
तब उन्होंने मुझसे पूछा -
"बैठ जाओ और किबला का सम्मान करो."
मैं बड़े सम्मान के साथ किबला की ओर बैठ गया.
तब उन्होंने मुझसे पूछा- "सूरे बकर पढ़ो."
मैंने उनकी बात मानी. तब उन्होंने फरमाया कि "सुब्हानअल्लाह" 60 बार पढ़ो. मैंने ऐसा ही किया. हुजूर ने मेरे हाथ को अपने हाथ पर रखा और आसमान की ओर देखा और कहा कि "मैंने आपको अल्लाह को दिया."
आखिर में हजरत ख्वाजा शेख उसमान हारूनी (रहमतुल्ला अलैह) ने एक विशेष टोपी रखी जिसे कुलह-ए-चहार-तुर्की कहते हैं और उनको चुगा-ए- मुबारक (गाउन) से नवाजा और तब बैठने के लिए कहा. अब उन्होंने सूरा-ए-इखलास को एक हजार बार पढ़ने के लिए कहा. जब मैंने इसे पूरा किया तब उन्होंने कहा कि "हमारी मशाइक दिन और रात की एक पूरी मुशाहिदा है, इसलिए जाओ और मुशाहिदा पूरी करो. इस तरह मैंने एक दिन और एक रात इबादत में गुजारी और अल्लाह की इबादत की. अगले दिन मैंने उनसे पहले ही अपने आपको पेश किया. उन्होंने मुझे बैठने के लिए कहा और मैं बैठ गया. उन्होंने कहा कि "आसमान की ओर देखो" मैने ऐसा ही किया. तब उन्होंने कहा कि "आप कहां देख रहे हैं?" मैंने जवाब दिया "अर्श-ए-मुअल्लाह की ओर."
उन्होंने मुझे जमीन की ओर देखने के लिए कहा. मैंने ऐसा ही किया. तब उन्होंने मुझसे सवाल किया कि "आप कहां देख रहे हैं?"
मैंने कहा कि "तैतुस्सरा की ओर." उन्होंने कहा कि सूरा ए इखलास को हजार बार पढ़ो. जब मैंने इसे पूरा किया तब हजरत ने कहा कि आसमान की ओर देखो. मैंने देखा और कहा कि "मुझे हिजाब-ए-हिजमत तक स्पष्ट दिखाई दे रहा है." तब उन्होंने मुझसे आंखें बंद करने को कहा. मैंने वैसा ही किया. तब उन्होंने दो उंगलियां दिखाईं और मुझसे कहा कि आप क्या देख रहे हैं? मैंने जवाब दिया कि 18000 ब्रह्मांड मेरी आंखों से पहले हैं. जैसे ही मैंने अपना वाक्य पूरा किया उन्होंने कहा कि "अब काम हो गया."
इसके बाद उन्होंने पत्थर की ओर इशारा किया और इसे किनारे करके मुझसे पूछा कि इसे हटाओ. उसके नीचे कुछ दिनार थीं. उन्होंने मुझसे कहा कि इनको गरीबों में बांट दो और मैंने ऐसा ही किया. आखिर में उन्होंने कहा कि "हमारे साथ कुछ दिन रहो." और उनके साथ रहने के लिए यह मेरे लिए बेहद खुशी का पल था.
हजरत ख्वाजा गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) ने लंबे समय तक पीर-और-मुर्शिद की सेवा में जीवन बिताया और इस दौरान उन्होंने एक किताब लिखी जिसे नाम दिया "अनीस-उल-अरवा" जिसमें उन्होंने अध्यात्मिक दिशा-निर्देश और अपने गुरु हजरत ख्वाजा उसमान हारूनी (रहमतुल्ला अलैह) के बारे में बताया है कि किस तरह से उन्होंने उसे सजदानशीं बनाया और उनको पैगंबर हजरत मुहम्मद (सल्लललाहु अलैह वसल्लम) की पवित्र श्रृंखला में से चिश्ती की गद्दी सौंपी.
अपने पीर-और-मुर्शिद को फलों की सेवा करने के बाद ख्वाजा गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) सच्चाई और अमन की खोज में निकल पड़े और अपना ज्यादातर वक्त अल्लाह की इबादत में बिताया.
भारत में आगमन
गरीब नवाज अपने पीर की आज्ञा का पालन करते हुए भारत और अजमेर को अपना निवास स्थान बनाया. कहा जाता है कि ख्वाजा साहब को मदीना में रहते हुए एक बार ख्वाब में अजमेर के भौगोलिक क्षेत्र का दर्शन हुआ और यहां आने की प्रेरणा प्राप्त हुई.
अल्लाह के वली हरजत गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) ने भारत की ओर रुख किया और अपने मुरीदों के साथ अल्लाह की इबादत और नबी-हुजूर सल्लललाहु अलैह वसल्लम की राह में चल दिये. सबसे पहले वे सब्जवार पहुंचे जहां का बादशाह शेख मोहम्मद यादगार था जिसका चरित्र गिरा हुआ था, लेकिन वह वली के संपर्क में आया और अपने पुराने गुनाहों की माफी मांगी और गरीब नवाज ने उनको सही रास्ते पर चलने का रास्ता दिखाया. गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) बहुत दयालु थे और अल्लाह के बताए रास्ते को अख्तियार करने के लिए कहते थे और बाद में यही बादशाह खुश हुआ और हजरत ख्वाजा गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) के बताए रास्ते को अपनाने लगा.
सब्जवार के बाद गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) गजनी पहुंचे और वहां पर वली सुल्तान उल मशाइख सैयद अब्दुल वाहिद (रहमतुल्ला अलैह) से मिले. वहां वे हजर कुतबुल अक्ताब (रहमतुल्ला अलैह), ख्वाजा कुतुबुद्दीन बख्तयार काकी (रहमतुल्ला अलैह) , शेखुल मशाइख हजरत मुहम्मद यादगार (रहमतुल्ला अलैह) और सैयदना सदात हजरत ख्वाजा फखरुद्दीन गुर्देजी (मेरे उत्तराधिकारी) ख्वाजा गरीब नवाज (रहमतुल्ला अलैह) के सफर में शामिल हुए.
अल्लाह के संतों का यह कारवां अब भारत की सीमा पर पहुंचा. ऊंचे पहाड़ रास्ते पर थे लेकिन ख्वाजा साहिब (रहमतुल्ला अलैह) इससे किसी भी तरह से विचलित नहीं हुए. अल्लाह की शान में उन्होंने पहाड़ों की ओर कदम रखा और पहाड़ियों, घाटियों को पार करने के बाद वे पंजाब की सीमा में पहुंचे.
अजमेर आगमन
अजमेर पहुंचने पर ख्वाजा साहिब ने पेड़ के नीचे आराम किया. कुछ ही समय के बाद ऊंट वहां आ पहुंचे और चरवाहे ने उनसे कहीं और आराम करने के लिए जाने को कहा क्योंकि वह जगह राजा के ऊंटों के लिए थी. ख्वाजा साहिब ने उनसे कहा कि वे ऊंटों को कहीं और बैठा दें. उन्होंने बहुत ही सादगी से उस चरवाहे से ऐसा कहा था, मगर वह आपे से बाहर हो गया.
"लो हम यहां से जाते हैं अब आपके ऊंट भी यहां नहीं बैठ सकेंगे."
यह कहकर वे और उनके मानने वाले अन्न सागर (अजमेर में झील) की पहाड़ी में जाकर ठहरे. अगले दिन चरवाहे से वे ऊंट वहां पर खड़े न हो सके. इसका मतलब उस जमीन में कुछ करिश्मा हो गया. इससे वे आश्चर्यचकित हो गए. आखिरकार वे पृथ्वीराज की अदालत में पहुंचे. जब राजा से पूरी कहानी दोहराई गई तो वह भौंचक्के रह गए. उसे पृथ्वीराज की बहादुरी पर बेहद गर्व था, लेकिन ख्वाजा साहिब (रहमतुल्ला अलैह) के मानने वालों के लिए यह पहला करिश्मा कुछ भी नहीं था. इसलिए उन्होंने चरवाहे से कहा कि वह फकीर से भीख मांगे. तब चरवाहा ख्वाजा साहब के पास पहुंचा और माफी मांगी और उनके सम्मान में झुक गया. उन्होंने दयालुता से कहा कि "जाओ और अल्लाह की मर्जी से आपके ऊंट अपने पैरों पर खड़े हो सकेंगे."
जब लौटकर चरवाहे ने देखा कि वाकई ऊंट वहां पर खड़े दिखाई दिये.
ख्वाजा गरीब नवाज और उनके मानने वाले रोजाना गुसल करने अन्ना सागर के किनारे जाते थे और इबादत किया करते थे. एक दिन उनके मानने वालों को राजा के कुछ आदमियों ने अन्ना सागर के किनारे गुसल करने से मना किया और उनको धमकाया. उनके मानने वाले ख्वाजा साहब के पास वापस आए और आपबीती सुनाई. उन्होंने अपने मानने वालों में से एक को कहा कि जाओ और एक कुजा (एक बर्तन) में पानी भर लाओ. जब उनके मानने वाले ने कुजा में पानी भरा तो पूरे अन्ना सागर का पानी उसमें समा गया. वह कुजा को ख्वाजा साहिब (रहमतुल्ला अलैह) के पास ले आए जब राजा के आदमियों को इस बारे में पता चला तो वे लौटे और पूरा शहर भौंचक्का रह गया और यह सबको पता चल गया कि एक महान सूफी संत ने इस झील को सुखा दिया क्योंकि राजा ने मुसलमानों को अन्नासागर में जाने से मना किया था. और आखिर में स्थानीय लोग आ गए और उनसे माफी मांगने को कहा, ख्वाजा साहब बहुत ही दयालु थे और उन्होंने इस झील को फिर से पानी से लबालब कर दिया.
इस करिश्मे से बड़ी तादाद में लोगों को इस्लाम में भरोसा जागा और अजमेर में एक साथ हज़ारों लोग इस्लाम में शरीक हो गए.
ख्वाजा साहब ने अपने जीवनकाल के विभिन्न अवसरों पर जो उपदेश दिये, उनमें से कुछ हैं-
8 अल्लाह का कृपा पात्र वही मानव होता है जिसके दिल में दरिया जैसी दानशीलता और सूर्य जैसी दयालुता और जमीन जैसी खातिरदारी हो।


8 ज्ञानी वह है जिसकी नजर भाग्य का निरीक्षण कर सके.
8 ज्ञान वह है जो सूर्य की तरह उभरे और सारा संसार उसके प्रकाश से रोशन हो जाए.
8 दुनिया में दो बातों से बढ़कर कोई बात नहीं - एक विद्वानों की संगति और दूसरा बड़ों का सम्मान
8 सदाचारी लोगों की संगति सदाचार से अच्छी है और दुराचारी लोगों की संगति दुराचार से बुरी है.
8 भक्ति और तपस्या में सबसे बडा़ काम विनम्रता है।
8 अगर मित्र की मित्रता में सारा संसार त्याग दिया जाए तब भी वह कम है.
8 ज्ञानी हृदय सत्य का घर होता है.
ऐतिहासिक मजार
दरगाह का मुख्य धरातल सफेद संगमरमर का बना हुआ है. इसके ऊपर एक आकर्षक गुम्बद है, जिस पर सुनहरी कलश है. मजार पर मखमल की गिलाफ चढ़ी हुई है. इसके चारों ओर परिक्रमा के स्थान पर चांदी के कटहरे बने हुए हैं. यह वह स्थल है जिसके सामने चंद लम्हे गुजारने की तमन्ना लिए दूर-दूर से जायरीन आते हैं और इस महान सूफी संत के निकटस्थ संपर्क स्थापित कर सत्यम् शिवम् सुदरम् की कल्पना में स्वयं को भूल जाते हैं. यह वह स्थल है जहां मनुष्यों के बीच व्याप्त धर्म या जाति के भेद समाप्त हो जाते हैं. यहां पर गुलाब के फूलों, चंदन, अगरबत्ती और लोभान की खुशबू महकती रहती है.
ख्वाजा साहब की मजार-ए-मुबारक बहुत दिनों तक कच्ची ही बनी रही. सुल्तान गयासुद्दीन ने इसका गुंबद बनवाया था. गुंबद पर नक्काशी का काम सुल्तान महमूद बिन नासिरुद्दीन के जमाने में हुआ. मजार का दरवाजा बादशाह मांडू ने बनवाया था. मजार के अंदर सुनहरी कटहरा बादशाह जहांगीर का और दूसरा नूकरई कटहरा शाहजी जहांआरा बेगू द्वारा चढा़या हुआ है. मजार के दरवाजे में मुगल बादशाह अकबर द्वारा भेंट की हुई किवाड़ों की जोड़ी लगी हुई है. इसके अंदर के हिस्से में बहुत सुंदर सुनहरा काम किया हुआ है और छत में मखमल की छतगिरी लगी हुई है. इसे 1047 हिजरी में मुगल बादशाह शाहजहां ने लाल पत्थर से बनवाया था. नक्कारखाने के ऊपरी हिस्से पर अकबरी नक्कारखाने रखे हुए हैं.
बुलंद दरवाजा
इस दवाजे का निर्माण सुल्तान महमूद खिलजी ने 700 हिजरी में करवाया था. यह 85 फुट ऊंचा है. अंदर के फर्श पर संगमरमर के पत्थर जुड़े हुए हैं. दरवाजे के बुर्जियों पर ढाई फुट लम्बे सुनहरे कलश लगे हुए हैं. इस नक्कारखाने का निर्माण 1331 हिजरी में हैदराबाद के नवाब मीर महबूब अली खान ने करवाया था. इसके दरवाजे की ऊंचाई 70 फुट है, इस पर रोजाना पां चार नौबत बजाई जाती है.
अकबरी मस्जिद
मुगल बादशाह अकबर ने 978 हिजरी में लाल पत्थर से यह मस्जिद बनवाई थी. यह मस्जिद जमीन से 15 फुट की ऊंचाई पर बनी हुई है.
महफिल खाना
दरगाह का एक प्रमुख स्थान महफिलखाना है. यहां उर्स के दिनों में कव्वालियां होती हैं. झाड़फानूस लगे हुए इस भवन की अपनी अलग अहमियत है. इसका निर्माण हैदराबाद के नवाब बशीरुद्दौला ने कराया था.
सहन चिराग
यह चिराग दरगाह के प्रवेश द्वार बुलंद दरवाजे के सामने आंगन में रखा हुआ है. इसको मुगल बादशाह अकबर ने भेंट किया था.
बड़ी देग
बुलंद दरवाजे के पश्चिमी हिस्से में यह देग रखी हुई है. इसे 976 हिजरी में मुगल बादशाह अकबर ने भेंट किया था. इस देग में करीब 40 कुंतल चावल पकाया जाता है. घी, छुआरा, किशमिश एवं खोपरे आदि मेवों से बनी खाद्य सामग्री को तबर्रुक कहा जाता है. पकने के बाद सारा तबर्रुक गरीबों और जरूरतमंदों में बांटा जाता है.
छोटी देग
बुलंद दरवाजे के पूर्वी हिस्से में यह देग रखी हुई है. इसे 1022 हिजरी में मुगल बादशाह जहांगीर ने भेंट किया था. इसमें करीब 32 कुंतल चावल पकता है.
लंगरखाना
दरगाह के उत्तर में लंगरखाना बना हुआ है. इसके दालान में रोजाना गरीबों के लिए लंगर का खाना पकाया जाता है.
शाहजहांनी जामा मस्जिद
यह मस्जिद मुगल बादशाह शाहजहां ने बनवाई थी. सफेद और काले संगमरमर के काले पत्थरों से तैयार और बेहतरीन कटाई के खम्भों वाली यह मस्जिद वास्तव में शाहजहां के वास्तुकला के प्रेम का प्रतीक है. इसके निर्माण में करीब दो लाख चालीस हजार रुपये खर्च हुए और इसकी तामीर में 14 साल लगे.
मस्जिद सुल्तान खिलजी
यह मस्जिद सुल्तान महमूद खिलजी की बनवाई हुई है. इसका फर्श संगमरमर का बना हुआ है. बाद में जहांगीर एवं औरंगजेब ने इसे और सुंदरता प्रदान की.


Tuesday, August 19, 2008

हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिसाल मंदिर-मस्जिद

- सरल शास्त्री

अब तो धर्मप्राण भारत देश में बात बात पर साम्प्रदायिक दंगे होना आम बात हो गई है और उन्हें हवा देते हैं अपना उल्लू सीधा वाले स्वार्थमग्न विभिन्न दलों के नेता. अयोध्या में विवादित बाबरी मस्जिद के ढांचे को तोड़ने पर पूरे देश में साम्प्रदायिक दंगों की जो भयंकर आग फैली, उससे देश की अपूरणीय क्षति हुई.
भारत देश ही नहीं, विदेशों में भी कट्टरपंथियों ने प्रतिशोध लेने के लिए कितने ही मंदिर धराशायी कर दिए और कितने ही प्रतिशोध की ज्वाला में भेंट कर दिए. यत्र तत्र खूनी संषर्घों से लोग त्राहि-त्राहि कर रहे थे, किन्तु देश में आए उस भीषण तूफान के बावजूद प्राचीन तीर्थस्थल गढ़मुक्तेश्वर में हिन्दू-मुसलमानों ने एकता की मशाल जलाये रखी. एकता का ही प्रभाव है कि वहां आज तक साम्प्रदायिक दंगा नहीं भड़का.
देखा गया है कि हिन्दू-मुसलमानों में जो दंगे होते हैं उनमें अधिकांश कारण मंदिर-मस्जिद ही हुआ करते हैं. जहां भी मंदिर-मस्जिद पास-पास है, वहां प्राय: दंगे भड़कते ही रहते हैं. उदाहरणार्थ तीर्थनगरी काशी और मथुरा में मंदिर-मस्जिद पास-पास होने से वहां हर समय दंगों की आशंका बनी ही रहती है. न जाने किस क्षण क्या हनहोनी हो जाए, इसी के मद्देनजर उन संवेदनशील स्थानों की के लिए सुरक्षा पुलिस प्रशासन हर समय सतर्क रहता है, किन्तु आश्चर्य की बात यह है कि गढ़मुक्तेश्वर में शहर के बीचोबीच प्राचीन पंचायती मंदिर और फतेहपुरी मस्जिद शदियों से पास-पास होने पर भी वहां आज तक साम्प्रदायिक दंगा नहीं हुआ. यह हिन्दू-मुस्लिम सौहार्द और एकता की पूरे विश्व में अनूठी मिसाल है.
सबसे बडी़ भाईचारे की बात यह है कि मंदिर-मस्जिद की संयुक्त दीवार है, जिसकी एक तरफ की सुरक्षा मरम्मत, पुताई आदि मंदिर की प्रबंधक समिति करती है दूसरी तरफ की सुरक्षा व्यवस्था मस्जिद की कमेटी करती है. देश में आये धार्मिक उन्माद के झंझावात भी मंदिर-मस्जिद की एकता की नींव को किंचित भी हिला न सके. यहां पर हिन्दू-मुस्लिम एकता और सौहार्द की एक और अनूठी बात यह है कि यहां मंदिर में आरती के समय घंटे-घड़ियाल और शंख ध्वनि तथा मस्जिद में अजान की गूंज दोनों एक साथ ही होती हैं. यह अपने आप में एकता और भाईचारे की बेजोड़ मिसाल है. यदि इस मिसाल का पूरे देश में अनुसरण हो तो हिन्दू-मुस्लिम दंगे हो ही नहीं सकते. गढ़मुक्तेश्वर में साम्प्रदायिक दंगे न होने के पीछे इस तीर्थ नगरी की पावनता का प्रभाव है, जिसके कारण लोगों के मनों में मैल आ ही नहीं पाता.
मीरा की रेती में गुदड़ी का मेला
गढ़मुक्तेश्वर कस्बा के उत्तरी छोर पर मुक्तीश्वरनाथ का मंदिर है. उस मंदिर के मुख्य द्वार से पूर्व की ओर लगभग आधा किलोमीटर लम्बी रोड जाती है. गंगा मंदिर से कुछ ही आगे कुछ वर्षों पूर्व तक वहां रेतीला क्षेत्र था, जो 'मीरा की रेती' के नाम से प्रसिद्ध है. वहां कभी भगवान श्रीकृष्ण की प्रेम की दीवानी और उदयपुर राजघराने की पुत्रवधू मीराबाई घरवार छोड़ने से पूर्व कार्तिक मास में लगने वाले मेले में गंगा स्नान करने आती थीं और हर वर्ष अपने डेरे इसी रेतीले भाग में लगाती थीं. भगवान की भक्त मीराबाई इस पावन तीर्थ गढ़मुक्तेश्वर की पावनता से इतनी प्रभावित थीं कि कुछ दिनों तक यहीं ठहर कर भक्ति भाव से पतितपावनी गंगा में स्नान कर पाठ-पूजा और दान करती थीं. एक बार उन्होंने एक बाग खरीद कर गढ़मुक्तेश्वर के पंडाओं को दान में दिया था, जो शुक्लों के बाग के नाम से जाना जाता था. अब उस बाग का कोई मालिक न होने के कारण नगरपालिका के अधिकार में है. भगवान श्रीकृष्ण की परम भक्त मीराबाई ने गंगा की इस रेती में एक मंदिर भी बनवाया था, जिसे मुगल शासन काल के दुर्दांत शासक औरंगजेब ने धराशायी कर दिया था और वह स्थान मुस्लिम फकीर के हवाले कर दिया था.
कार्तिक मास की पूर्णिमा पर कस्बे से दूर गंगा किनारे लगने वाला विशाल मेला वहां से उखड़ने के बाद मीरा की रेती में लगता है, जो लगभग एक माह तक चलता है. मीरा की रेती में लगने वाला मेला गुदडी़ के नाम से जाना जाता है. गुदडी़ मेला की परम्परा मीराबाई के समय से ही है. बुजुर्गों से सुना है कि एक बार मेले में लोगों के कम आने के कारण मेले में आये दुकानदारों का सामान कम बिका. वे लोग कमाने की आशा लिये मेले में आये थे, किन्तु उनकी आशा पर तुषारापात होने से वे बड़े निराश और दुखी थे. उन्होंने करुणा की मूर्ति मीराबाई के पास आकर अपने मन की पीडा़ बतलाई. दुकानदारों का करुण-रुदन सुनकर मीराबाई का कोमल हृदय पिघल गया. उन्होंने उदारता का परिचय देते हुए दुकानदारों का सारा सामान स्वयं खरीद लिया. सामान बिकने से दुकानदार बड़े खुश हुए और अपने घरों को चले गये. तभी से हर वर्ष मेले के बाद मीरा की रेती में गुदडी़ का मेला लगने लगा. मेले से बचा सामान दुकान यहां बेचकर ही अपने घरों को जाते हैं. मीरा की रेती में बने पूज्यस्थल पर आज भी मीरा के नाम से भरपूर चढा़वा आता है.
नवोदित तीर्थस्थल बृजघाट
सन् 1900 के बाद जैसे-जैसे पतित पावनी भागीरथी गंगा तीर्थनगरी गढ़मुक्तेश्वर से रूठ कर दूर होती गयीं, वैसे-वैसे इस तीर्थ नगरी की पावनता, शोभा और आकर्षण तिरोहित होते गए और यह तीर्थ नगरी उजड़ती चली गई, किन्तु करुणामयी गंगा मां की अनुकम्पा से गढ़मुक्तेश्वर के निकट नये तीर्थ बृजघाट का प्रादुर्भाव हुआ. बृजघाट नवोदित तीर्थस्थल है. यह गढ़मुक्तेश्वर कस्बे से पूर्व की दिशा में लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर गंगा किनारे हैं. अंग्रेजों ने अपने शासनकाल में सन् 1900 में यहां गंगा पर रेल का पुल बनवाया था. सन 1935 से यहां कुछ देर को रेलगाडी़ रुकने लगी, जिससे यहां गंगा प्रेमियों का आगमन होने लगा. फिर 1960 में दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग के लिए सड़क पुल बना. यातायात की दोहरी सुविधा होने से गंगा मैया के भक्त गंगा स्नान के लिए यहां आने लगे और पुलों की वजह से ही इस नवोदित तीर्थस्थल का नाम बृजघाट पड़ा.
श्रद्धालुओं का रुझान देखकर गढ़मुक्तेश्वर के पंडाओं ने भी बृजघाट पर अपना अड्डा जमा लिया. पहले तो केवल अमावस्या और पूर्णिमा को ही श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते थे, इसलिए पंडाओं का भी वहां अस्थायी अड्डा था. गंगा स्नानार्थियों की सुविधा के लिए दिल्ली आदि के सेठ लोगों ने बृजघाट पर कुछ धर्मशालायें बनवा दीं. फिर तो यहां धीरे-धीरे सैकड़ों मंदिर और धर्मशालायें बन गईं. इससे प्रभावित होकर गढ़मुक्तेश्वर के पंडाओं ने उन मंदिर और धर्मशालाओं में अपना स्थायी अड्डा जमा लिया. जैसे-जैसे यहां श्रद्धालुओं का आगमन बढ़ता गया, वैसे-वैसे यह नवोदित तीर्थ दिन दूनी रात चौगुनी उन्नति करता गया. अब तो यहां अमावस्या और पूर्णिमा के दिन ही नहीं, अपितु प्रतिदिन श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ रहती है. प्रत्येक अमावस्या, पूर्णिमा और पर्व के दिन तो यहां लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए आते हैं. यहां पर कई प्रसिद्ध मंदिर भी हैं, जिनमें वेदांत मंदिर, चामुंडा मंदिर और गंगा किनारे फलाहारी बाबा की कुटिया दर्शनीय हैं.
सप्तपुरियों में गिनी जाने वाली मायानगरी (हरिद्वार) के उत्तराखंड में चले जाने पर उत्तर प्रदेश शासन की हरिद्वार के विकल्प में बृजघाट को हरिद्वार जैसा बनाने की योजना है. इसके लिए धन भी स्वीकृत हुआ है तथा योजना के तहत पुराने घाट को तोड़कर नये घाट का निर्माण हुआ है तथा घाट पर ही हरिद्वार जैसा घंटाघर भी बनवाया गया है. हरिद्वार की तरह गंगा की आरती भी होने लगी है. यात्रियों की सुविधा के लिए घाट के निकट ही सुलभ शौचालय की व्यवस्था है, किन्तु सरकार की ढुलमुल नीति से लगता है कि सरकार की यह योजना यानी बृजघाट को हरिद्वार बनाने की योजना केवल दिवास्वप्न ही बनकर न रह जाए.