Wednesday, April 27, 2011

मकाँ के साथ वो पोधा भी जल गया - बशीर बद्र

हर इक चिराग कि लो ऐसी सोई-सोई थी
वो शाम जैसे किसी से बिछड के रोयी थी

नहा गया थे मै कल जुगनुओ कि बारिश में
वो मेरे कंधे पे सर रख के खूब रोयी थी

कदम-कदम पे लहू के निशान ऐसे कैसे है
ये सरजमी तो मेरे आंसुओ ने धोयी थी

मकाँ के साथ वो पोधा भी जल गया जिसमे
महकते फूल थे फूलो में एक तितली थी

खुद उसके बाप ने पहचान कर न पहचाना
वो लड़की पिछले फसादात में जो खोयी थी
- बशीर बद्र

Tuesday, April 5, 2011

मेरे मित्र उमेश कुमार द्वारा मुझे भेजी गई यह कविता जिंदगी बदल रही है. इसका सार है की इंसान की गिन्दगी किस करवट बदलती है, और उसे जिन्दगी में किन किन पड़ावों से गुजरना पड़ता है. मुझे लगा की इसे आप लोगों तक भी पहुँचाया जाय. इसी प्रयास के साथ.

यद ज़िन्दगी बदल रही है!!
जब मैं छोटा था, शायद दुनिया बहुत बड़ी हुआ करती थी..
मुझे याद है मेरे घर से “स्कूल” तक का वो रास्ता, क्या क्या नहीं था
वहां, चाट के ठेले, जलेबी की दुकान, बर्फ के गोले, सब कुछ,
अब वहां “मोबाइल शॉप”, “विडियो पार्लर” हैं, फिर भी सब सूना है..
शायद अब दुनिया सिमट रही है…

जब मैं छोटा था, शायद शामे बहुत लम्बी हुआ करती थी.
मैं हाथ में पतंग की डोर पकडे, घंटो उडा करता था, वो लम्बी “साइकिल रेस”,
वो बचपन के खेल, वो हर शाम थक के चूर हो जाना,
अब शाम नहीं होती, दिन ढलता है और सीधे रात हो जाती है.
शायद वक्त सिमट रहा है..

जब मैं छोटा था, शायद दोस्ती बहुत गहरी हुआ करती थी,
दिन भर वो हुज़ोम बनाकर खेलना, वो दोस्तों के घर का खाना, वो लड़कियों की
बातें, वो साथ रोना, अब भी मेरे कई दोस्त हैं,
पर दोस्ती जाने कहाँ है, जब भी “ट्रेफिक सिग्नल” पे मिलते हैं “हाई” करते
हैं, और अपने अपने रास्ते चल देते हैं,
होली, दिवाली, जन्मदिन , नए साल पर बस SMS आ जाते हैं
शायद अब रिश्ते बदल रहें हैं..

जब मैं छोटा था, तब खेल भी अजीब हुआ करते थे,
छुपन छुपाई, लंगडी टांग, पोषम पा, कट थे केक, टिप्पी टीपी टाप.
अब इन्टरनेट, ऑफिस, फिल्म्स, से फुर्सत ही नहीं मिलती..
शायद ज़िन्दगी बदल रही है.

जिंदगी का सबसे बड़ा सच यही है.. जो अक्सर कबरिस्तान के बाहर बोर्ड पर लिखा होता है.
“मंजिल तो यही थी, बस जिंदगी गुज़र गयी मेरी यहाँ आते आते ”

जिंदगी का लम्हा बहुत छोटा सा है.
कल की कोई बुनियाद नहीं है
और आने वाला कल सिर्फ सपने मैं ही हैं.
अब बच गए इस पल मैं..
तमन्नाओ से भरे इस जिंदगी मैं हम सिर्फ भाग रहे हैं..
इस जिंदगी को जियो न कि काटो !

Tuesday, January 25, 2011

दिल्ली में होगा सरनौल का पांडव नृत्य


सरनौल गांव के कलाकारों को दिल्ली में अपनी लोकविधा पांडव नृत्य की प्रस्तुति देने का मौका मिला है। आगामी 11 से 16 फरवरी तक आईजीएनसीए (इंदिरा गांधी नेशनल सेंटर फार आर्ट) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों के लोक कलाकार जुटेंगे। इसमें सरनौल के कलाकार भी प्रतिभाग करेंगे।

महाभारतकाल की विभिन्न कथाओं का लोकमंचों के जरिये प्रस्तुतिकरण पर आधारित इस कार्यक्रम में सरनौल गांव के पांडव नृत्य की भी प्रस्तुति होगी। इसमें कलाकार पांडव नृत्य के विभिन्न पहलुओं की लोकविधा के रूप में प्रस्तुति देंगे। गौरतलब है कि उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में पांडव नृत्य की परंपरा है इसमें अनुष्ठान व रंगमंच के तत्वों का अनूठा मिश्रण है। वहीं सरनौल गांव का पांडव नृत्य अपनी खासियतों के कारण काफी प्रसिद्ध है। सुप्रसिद्ध पांडव नृत्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों सहित इन लोग केरल तथा भोपाल में भी प्रदर्शित कर चुके हैं। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय दिल्ली से आये डॉ।सुवर्ण रावत ने बताया कि सरनौल के कलाकार प्रत्येक दिन महाभारत पर आधारित प्रस्तुति देंगे। इनमें पांडव वनवास, जोगटानृत्य, गेडा नृत्य तथा गुप्तवास का मंचन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड से प्रसिद्ध रंगकर्मी डॉ.डीआर पुरोहित के निर्देशन में चक्रव्यूह मंचन व श्रीष डोभाल के निर्देशन में गरुड़ व्यूह की भी प्रस्तुति दी जाएगी।

साभार : जागरण

Monday, December 6, 2010

बहस : पशु बलि


पशु बलि
आम धारणा है कि पशु बलि से देवी-देवता खुश होते हैं। उत्तराखंड में तो भूतप्रेतों के नाम पर भी पशु बलि का प्रचलन है। उत्तराखंड में करीब एक दशक पूर्व मैती आंदोलन को जबरदस्‍त सराहना मिली थी। क्‍या पशु बलि के खिलाफ भी कोई आंदोलन नहीं चलाया जाना चाहिए। यदि चलाया गया तो उसके फिस्‍स होने के क्‍या कारण हो सकते हैं। मित्रों की राय आमंत्रित हैं?

रजनीकांत की नई पेशकश 'हे रामिए' की धमाकेदार लांचिंग

पोलैंड के क्राको शहर में उत्तराखंड की लोक-संस्कृति का परचम फहराने के बाद दून में युवा दिलों की धड़कन सुप्रसिद्ध गढ़वाली गायक रजनीकांत सेमवाल की ऑडियो सीडी 'हे रमिए' का विमोचन हुआ। सीडी में गढ़वाली व जौनसारी गीतों के पॉप व रीमिक्स का ऐसा मिश्रण हैं, जिन पर न चाहते हुए भी पांव थिरकने लगते हैं। सीडी का विमोचन स्वयं गायक रजनीकांत सेमवाल ने किया।

इस अवसर पर रजनीकांत ने कहा, कि आज सबसे बड़ी चुनौती अपनी अमूल्य लोक विरासत को नई पीढ़ी को सौंपना है। यह तभी हो सकता है, जब पुराने और वरिष्ठ लोग नवोदित पीढ़ी की पसंद को समझें। युवा पीढ़ी नई धुनों पर अपने लोकगीत सुनना चाहती है तो इसमें कोई बुराई नहीं है। इसी बहाने लोक संगीत में नव प्रयोग का सिलसिला भी शुरू होगा। सीडी में लोक गीतों के साथ रोमांटिक, डांसिंग व खुदेड़ गीतों का अनूठा संगम है। पहला गीत 'पोस्तु का छुमा' चोपती नृत्य पर आधारित है।

दूसरा गीत 'ऐला चाचा' हिपहॉप स्टाइल में है। इसी स्टाइल ने नई पीढ़ी को सबसे ज्यादा प्रभावित किया। गीत 'हे रमिए' एकल प्रेमव्यथा पर केंद्रित है तो तुमारी याद मा प्रेम के पावन संबंधों को उजागर करता है। 'मूखे मिलदी' व 'नीलू ए' जौनसारी प्रेमगीत हैं, जो उत्तराखंडी संगीत के उजले पक्ष की आशा बंधाते हैं।

प्रस्‍तुति : रावत शशिमोहन पहाड़ी

Friday, October 22, 2010

फिल्म दाएं या बाएं से दीपक की जोरदार एंट्री


29 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म दाएं या बाएं

जनकवि एवं समाजसेवी स्व। गिरदा ने भी निभाया किरदार
छोटे बजट की सशक्त फिल्म साबित होने का दावा


अगले हफ्ते रिलीज होने वाली कम बजट की फिल्म दाएं या बाएं से कई लोगों की उम्मीदें जगी हैं। बेला नेगी निर्देशित इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है ओमकारा, 1971, दिल्ली-6, शौर्य, 13बी, गुलाल, मुंबई कटिंग, तनु वेड्स मनु जैसी फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दीपक डोबरियाल ने। फिल्म का निर्माण्ा और लेखन भी किया है बेला नेगी ने। इसमें जाने माने समाजसेवी एवं जनकवि गिरीश तिवारी उर्फ गिरदा ने एक स्कूल प्रधानाचार्य की भूमिका निभाई है।
नईदुनिया से फोन पर बातचीत करते हुए मुख्य किरदार निभा रहे दीपक डोबरियाल और बेला नेगी ने कहा कि फिल्म कम बजट की जरूर है लेकिन इसमें संदेश बहुत सशक्त है। फिल्म में दीपक शहरों में पढ़ा-लिखा एक युवक है। वह पहाड़ के अपने गांव में आकर वहां अध्यापक लगता है। उसकी दिली इच्छा है कई तरह के परिवर्तन की। उसके रास्ते में आने वाली अड़चनों और अंतत: उनसे पार पाने को बहुत ही अच्छे ढंग से फिल्माया गया है। हिंदी भाषा में बनी इस फिल्म के सभी दृश्य पहाड़ी इलाकों की है। फिल्म में वहां के जन-जीवन को और उनसे जुड़ी अन्य बातों को भी बहुत सशक्त तरीके से दिखाया गया है। दीपक और गिरदा के अलावा फिल्म में मानव कौल, बदरुल इस्लाम, भारती भट्ट, प्रत्यूष डोकलन आदि हैं। फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि यह फिल्म अपने सशक्त पटकथा और पहाड़ों की पृष्ठभूमि को सशक्त माध्यम से उठाने के लिए तो चर्चित रहेगी ही महान आंदोलनकारी एवं कवि गिरीश तिवारी गिरदा, जिनका हाल ही में निधन हुआ था, को भी श्रद्धांजलि होगी।
केवल तिवारी के ब्लॉग केटी की काँव-काँव से

Wednesday, October 6, 2010

भक्तों की मुराद पूरी करते हैं गोलज्यू देवता

अल्मोड़ा स्थित गोलज्यू देवता का मंदिर

  • महेन्द्र कुमार सिंह

उत्तराखंड के कुमाऊं अंचल में न्याय के देवता के रूप में विख्यात गोल्ज्यू के अल्मोडा़ जनपद के चितई (गैराड़) ताडी़खेत और नैनीताल जिले के घोडा़खाल एवं विनायक प्रसिद्ध प्रतिष्ठित दरबार हैं, जहां लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए शरण लेते हैं.
ऐसी मान्यता है कि जिन लोगों को कहीं भी न्याय नहीं मिलता, उनको लोक देवता गोल्ज्यू से न्याय मिलने की पूरी उम्मीद रहती है. यही कारण है कि इनके मंदिर में हजारों की संख्या में लिखित प्रार्थनापत्र सादे कागज और स्टाम्प पेपर में लिखकर दाखिल किए जाते हैं, जिसका वह समय रहते सुनवाई करते हैं और न्याय मिलने पर भक्तगण पीतल का घंटा चंढा़कर अपनी मनोकामना पूरी होने पर उनको धन्यवाद देते हैं.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोल्ज्यू का मूल दरबार उत्तराखंड के चम्पावत में स्थित है. जहां यह लोकदेवता अपने राजांगी स्वरूप में विराजमान हैं. अर्थात् उक्त मंदिर में घात पुकार सुनने का प्रावधान नहीं है. उत्तराखंड में इस लोक देवता गोल्ज्यू, ग्वेल, गोलू और गौरिल आदि के नामों से जाना व पूजा जाता है. बटुक भैवर का अवतार माने जाने वाले इनकी पूजा की अपनी अलग व खास परम्परा है, जिसमें 'जागर' व 'धूनी' में देव किसी शरीर में अवतरित होते हैं. इनके मंदिर में तेल का दीपक चौबीस घंटे जलता रहता है. साथ ही मंगलवार और शनिवार को भक्तों की भीड़ इनके दर्शन के लिए लगी रहती है. ऐसी मान्यता है कि जो भक्तगण न्याय पाने के लिए अपने प्रार्थना पत्र इनके दरबार में दे जाते हैं, उनका वे समय रहते सुनवाई करते हैं और न्याय प्रदान करते हैं. इनका एक मंदिर तराई के किच्छा स्थित मल्ली देवरिया गांव में भी है, जहां दूर-दराज से भक्तगण आते हैं और चितई तथा घोडा़खाल की भांति यहां भी दरबार लगता है.
चितई के गोलू देवता का मंदिर अल्मोड़ा से लगभग 6 किलोमीटर दूर पिथौरागढ़ रोड पर स्थित है. चितई स्थित इनका मंदिर अष्टकोणीय आकार का बना है. यहां के मंदिर का निर्माण 10वीं शताब्दी के आसपास का बताया जाता है, लेकिन बीसवीं शदी के शुरुआत में इनका जीर्णोद्धार कराया गया था. इस मंदिर को चंद शासकों के समय बनाया गया था. इस मंदिर में कुमाऊं क्षेत्र विशेषकर अल्मोडा़, रानीखेत, बागेश्वर, जागेश्वर, और पिथौरागढ़ के रास्ते अल्मोड़ा आने वाले पर्यटक इस मंदिर के दर्शन का लाभ उठाते हैं.
यहां आने वाले पर्यटक और तीर्थयात्री इसे घंटों वाला मंदिर भी कहते हैं. क्योंकि इस मंदिर में लगे घंटों की संख्या सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों में है. जब यहां टंगे घंटों की संख्या अधिक हो जाती है तो उन्हें गलाकर बड़े आकार का बनवाकर चढ़ाया जाता है जिसका वजन किलो नहीं बल्कि कुंटलों में होता है. वैसे तो संपर्ण उत्तराखंड को ही देवभूमि कहा जाता है, लेकिन इस लोकदेवता की अलग पहचान है.

लेखक दैनिक हिन्‍दुस्‍तान में मुख्य उप संपादक हैं